Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur : चोरों ने पांच घंटे में तीन घरों का ताला तोड़ा, लोगों की चोरी, सुस्त दिखी पुलिस

जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के टेल्को घोड़ाबांधा इलाके में शुक्रवार को चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए केवल पांच घंटे में तीन फ्लैटों का ताला तोड़कर लगभग 25 लाख रुपये की नकद और जेवरात की चोरी कर डाली. वारदात संगम टावर, आलोक विहार और पास के पुष्पा अपार्टमेंट में हुई.

पहली वारदात संगम टावर के फ्लैट नंबर 6/5 में एक्स आर्मीमैन संजय नंदी के घर चोरी हुई. दिन के 12.45 बजे से 5.45 बजे के बीच चोरों ने नकद 20 हजार, सात तोला सोना और हीरे की अंगूठी समेत लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली.

दूसरी वारदात फ्लैट नंबर 3/6 की सुमिता दास के घर में हुई. वह अपने परिचित के घर गई थीं. घर लौटने पर टूटा ताला और खाली अलमारी देखकर उनके होश उड़ गए. उनके घर से लगभग 8 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए.

तीसरी घटना पुष्पा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 5/सी में अजय कुमार दास के घर में हुई. वह अपनी बीमार पत्नी के पास अस्पताल गए थे. लौटने पर उन्हें घर से नकद 10 हजार और लगभग 1 लाख रुपये के गहने गायब मिले.

लगातार तीन बड़ी घटनाओं ने अपार्टमेंट निवासियों में भय और चिंता फैला दी है. चोरों ने सीसीटीवी और गार्ड की मौजूदगी के बावजूद वारदात को अंजाम दिया, जिससे पुलिस गश्ती की पोल खुल गई.पुलिस ने देर रात पीड़ितों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला.

Exit mobile version