Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: उलीडीह में स्क्रैप कारोबारी से रंगदारी को लेकर फायरिंग करने के मामले में तीन अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Jamshedpur.जमशेदपुर पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी से रंगदारी मांगने को लेकर दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान उलीडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले रुपेश दुबे उर्फ राहुल, एमजीएम हिलव्यू कॉलोनी का शांतनु कुमार और उलीडीह रिपीट कॉलोनी निवासी नन्दलाल सिंह उर्फ बंटी के रूप में हुई है.

पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, तीन देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. मामले का खुलासा जमशेदपुर के एसएसपी किशोर कौशल ने शुक्रवार को किया. उन्होंने बताया कि इन तीनों अपराधियों के खिलाफ उलीडीह थाने में एक मामला दर्ज किया गया था. मामला उलीडीह थाना क्षेत्र के एक स्क्रैप कारोबारी से जुड़ा हुआ था, जिससे इन अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर मोटी रकम रंगदारी के तौर पर मांगी थी.

जब कारोबारी ने उनकी मांग को ठुकरा दिया, तो इन बदमाशों ने उसकी दुकान पर फायरिंग कर दी, जिसका मकसद कारोबारी को डराना और उस पर रंगदारी देने का दबाव बनाना था. एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि इस गंभीर घटना को देखते हुए उलीडीह थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और आखिरकार इन तीनों अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. पुलिस ने शुक्रवार को तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Exit mobile version