
Jamshedpur. जमशेदपुर में शुक्रवार तड़के डिमना लेक के पास स्थित प्रतिबंधित (डेंजर जोन) तालाब में एमजीएम के तीन जूनियर डॉक्टर डूब गए। इनमें से दो जूनियर डॉक्टर की मौत हो गई। जबकि एक को तैरना आता है और वो बाहर निकल आए। मृतकों की पहचान डॉ समीर और डॉ सक्षम के रूप में की गई है। दोनों का शव तालाब से बाहर निकाल लिया गया है। इधर, सूचना मिलते ही एमजीएम अस्पताल के कई जूनियर डॉक्टर और अन्य चिकित्सक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे के बाद अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में शोक का माहौल है। दरअसल, एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के तीन जूनियर डॉक्टर समीर, सक्षम और यश तालाब किनारे पार्टी कर रहे थे।
बताया जाता है कि यह क्षेत्र प्रशासन द्वारा डेंजर जोन घोषित किया गया है और यहां लोगों के आने-जाने पर रोक है। इसके बावजूद तीनों वहां पहुंच गए। इसी दौरान एक जूनियर डॉक्टर का मोबाइल फोन तालाब में गिर गया। मोबाइल निकालने के प्रयास में एक डॉक्टर तालाब में उतरे, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह डूबने लगे।
उन्हें बचाने के लिए एक-एक बाकी दोनों डॉक्टर भी तालाब में कूद गए। डॉ. यश तैरना जानते हैं। इसलिए वह किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि डॉ. समीर और सक्षम गहरे पानी में डूब गए।डॉ. सक्षम डाल्टेनगंज और समीर जमशेदपुर के काशीडीह के रहने वाले हैं। डॉ सक्षम सिंह के पिता सत्येंद्र सिंह राजस्थान में जॉब करते हैं। वहीं, डॉ समीर लाल के पिता अजय लाल रेलवे कर्मचारी हैं।