
Jamshedpur. जमशेदपुर में शनिवार को बड़ा हादसा सामने आया. यहां कोल्हान के सबसे बड़े अस्पताल एमजीएम में एक बालकनी का एक हिस्सा गिरने से तीन लोगों की मौत हो गयी, पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि साकची इलाके में एमजीएम अस्पताल के मेडिसिन विभाग की दूसरी मंजिल पर शाम करीब चार बजे यह घटना हुई और कुल 15 लोग मलबे में फंस गए. पूर्वी सिंहभूम की उपायुक्त अनन्या मित्तल ने बताया कि देर शाम मलबे से दो शव बरामद किए गए और एक अन्य व्यक्ति के अभी भी दबे होने की आशंका है.
हालांकि देर रात तीसरा शव बरामद कर लिया गया. मित्तल के मुताबिक, घटनास्थल से पहले बचाए गए 12 लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा दी गई है. उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है और उसे 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. इससे पहले, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि उन्होंने दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं. देर शाम स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी जमशेदपुर पहुंचे. उन्होंने मृतक और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया.
