
Jamshedpur. साकची थाना क्षेत्र से तीन वर्षीय मासूम बच्ची आफरीन खातून के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल सका है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इम्तियाज बकरीद की खरीदारी करने के लिए अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटी आफरीन खातून के साथ साकची मार्केट पहुंचे थे। बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण परिवार खरीदारी में व्यस्त था। इसी दौरान मासूम आफरीन अचानक परिवार से बिछड़ गई और देखते ही देखते लापता हो गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर बाजार और आसपास के इलाकों में बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना साकची थाना में दी गई, जहां बच्ची की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची का पता लगाने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
वहीं, पुलिस का कहना है कि बच्ची की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना दी गई है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि बच्ची को जल्द से जल्द खोजा जा सके। परिजनों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल साकची थाना या निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
