Jamshedpur. जमशेदपुर में दुर्गापूजा के दौरान 15 से 21 अक्टूबर तक शहर की यातायात व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं. दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नो-एंट्री लागू की गई है। 15 अक्टूबर को पंचमी पूजा के दिन शाम 4:30 बजे से रात एक बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. 16 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह पांच से 11:30 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन दोनों ओर से जारी रहेगा. वहीं, सुबह 11:30 बजे से अगले दिन सुबह पांच बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. 21 अक्टूबर को विसर्जन के दिन सुबह छह बजे से विसर्जन समाप्त होने तक निर्धारित विसर्जन मार्गों पर बसों सहित सभी भारी वाहनों और चारपहिया वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
ट्रैफिक पुलिस ने रूट चार्ट जारी किया
जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने रूट चार्ट जारी कर दिया है. पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए कई रास्तों पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी. वहीं, श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं. मानगो से आने वाले ऑटो मानगो बस स्टैंड चौक से एमजीएम अस्पताल, शीतला मंदिर और दिल्ली दरबार होटल होते हुए साकची गोलचक्कर पहुंचेंगे. वहीं, साकची से मानगो जाने वाले ऑटो बंगाल क्लब, किताब लाइन, ओल्ड कोर्ट मोड़ और मरीन ड्राइव मोड़ होते हुए पुराने पुल से जाएंगे. इन दोनों मार्गों पर ऑटो के लिए वन-वे व्यवस्था रहेगी.
साकची गोलचक्कर से भालूबासा और बारीडीह जाने वाले दोपहिया, तिपहिया और छोटे चारपहिया वाहन स्ट्रेट माइल रोड से रामलीला मैदान, कुम्हारपाड़ा होते हुए आगे जाएंगे. काशीडीह पूजा पंडाल के पास जाम लगने पर वाहनों को बाराद्वारी सुपरवाइजर फ्लैट, एपेक्स अस्पताल और टेलीफोन एक्सचेंज के रास्ते निकाला जाएगा.
बारीडीह, सिदगोड़ा और भालूबासा से साकची, मानगो व डिमना जाने वाले वाहन कुम्हारपाड़ा, न्यू बाराद्वारी और पुराने टेलीफोन एक्सचेंज के रास्ते जाएंगे. साकची और मानगो से बारीडीह, सिदगोड़ा, भालूबासा, एग्रिको, टेल्को और गोलमुरी जाने वाले दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहन मानगो पुल के दक्षिणी हिस्से से भुइयांडीह मार्ग का इस्तेमाल करेंगे.
काशीडीह और साकची की व्यवस्था
काशीडीह पूजा पंडाल आने वाले वाहनों के लिए ठाकुर प्यारा सिंह मैदान, डीएसएम स्कूल मैदान, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के सामने का मैदान, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड और काशीडीह उच्च विद्यालय में पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है. भालूबासा पूजा समिति के पास श्मशान घाट के पश्चिम की खाली जमीन, गैस गोदाम के पास की जमीन, मानगो बस स्टैंड का आधा परिसर, चंडीनगर मैदान और आदिवासी विद्यालय परिसर में भी वाहन खड़े किए जा सकेंगे.
एग्रिको पूजा पंडाल आने वाले लोग एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे. टुइलाडुंगरी में आरडी टाटा गोलचक्कर के पास 407 स्टैंड, एनटीटीएफ मैदान और केरला समाजम स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है. साकची गरमनाला पूजा समिति के लिए रविंद्र भवन के पास और राजेंद्र विद्यालय मैदान, जबकि शीतला मंदिर पूजा समिति के लिए आमबगान मैदान में पार्किंग की व्यवस्था है.
कदमा, टेल्को, बर्मामाइंस और सोनारी में बदलाव
कदमा के रानीकुदर और रंकिणी मंदिर पूजा पंडाल आने वाले लोग जुस्को स्कूल कदमा परिसर, धोबीघाट और गणेश पूजा मैदान में वाहन पार्क कर सकेंगे. कदमा थाना से रानीकुदर पूजा पंडाल की ओर वाहनों का परिचालन नहीं होगा. सोनारी से कदमा आने-जाने वाले वाहन कदमा-सोनारी लिंक रोड का इस्तेमाल करेंगे.
टेल्को के सबुज कल्याण संघ के पास लेबर ब्यूरो चौक के सामने फुटबॉल मैदान के बगल में सड़क किनारे केवल दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी. इसके अलावा सेंट्रल बैंक के सामने, टेल्को कंपनी सीटीएस बस पड़ाव मैदान और गुरुद्वारा के सामने भी पार्किंग की व्यवस्था है. टेल्को डी रोड पूजा समिति के पास इंजन पार्क और पंडाल के पूर्व की खाली जमीन पर वाहन खड़े किए जा सकेंगे.
बर्मामाइंस में बीपीएम उच्च विद्यालय मैदान, टीआरएफ मैदान और बीना रोड पर पार्किंग की व्यवस्था है. स्टार टॉकीज और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वन-वे रूट तय किया गया है. आरडी टाटा गोलचक्कर और सुनसुनिया गेट की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग आरके कंस्ट्रक्शन परिसर में, जबकि जेम्को और लक्ष्मीनगर की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग टीआरएफ मैदान में प्रस्तावित है.
सर्किट हाउस पूजा समिति के लिए लोयोला स्कूल मैदान और उसके पास की खाली जगह पर दोपहिया वाहनों की पार्किंग होगी. सर्किट हाउस रोड नंबर दो के किनारे भी पार्किंग की व्यवस्था है. सोनारी कागलनगर पूजा पंडाल के पूर्व में सड़क किनारे, टेल्को शिव-पार्वती पूजा पंडाल के सामने और पेट्रोल पंप के पास, बंगाल क्लब के लिए आमबगान और टैगोर एकेडमी के सामने तथा उलियान में दोनों पूजा पंडालों के बीच सड़क किनारे मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
आदित्यपुर और जुगसलाई की यह व्यवस्था
बिष्टुपुर की ओर से आदित्यपुर जाने वाले खरकई नदी के पुराने पुल पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. इस पुल से केवल पैदल लोग आ-जा सकेंगे. मैला टंकी से आदित्यपुर जाने वाले वाहन वोल्टास गोलचक्कर से घूमकर नए पुल का इस्तेमाल करेंगे. छोटे वाहनों को खरकई पुल से आदित्यपुर जाने की अनुमति होगी, जबकि भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. जुगसलाई बाजार में भारी व्यावसायिक वाहन प्रवेश नहीं करेंगे. बाटा चौक से रेलवे फाटक की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
बाटा चौक से वीर कुंवर सिंह चौक तक मुख्य सड़क पर वाहन खड़े करने की भी अनुमति नहीं होगी. करनडीह और परसुडीह से आने वाले वाहन रेलवे क्लब मोड़, केंद्रीय विद्यालय और ट्रेन लाइटिंग डिपो मोड़ होते हुए मुख्य मार्ग से जाएंगे. इस रास्ते पर भी वन-वे व्यवस्था रहेगी.
प्रशासन ने परिसदन गोलचक्कर से उपायुक्त आवास, एसएसपी आवास, एसडीओ आवास और आर्मी कैंप के बीच सड़क पर या किनारे वाहन खड़े करने पर रोक लगाई है. इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की पार्किंग और सड़क किनारे ठहराव प्रतिबंधित रहेगा. श्रद्धालुओं से अपील है कि वे पूजा पंडालों के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें.
