Jamshedpur. शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में बाइक चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अभियान के दौरान पुलिस ने तेज आवाज करने वाले 102 मॉडिफाइड साइलेंसर पाइप जब्त किए. कार्रवाई की जद में आए वाहन चालकों से पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया ट्रैफिक पुलिस ने जब्त किए गए सभी मॉडिफाइड साइलेंसरों को सोमवार को सड़क पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया. पुलिस के मुताबिक, मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने से बाइक से तेज आवाज निकलती है, जिससे आम लोगों को परेशानी होने के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है.
ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ वाहन पकड़े जाने पर जुर्माना, साइलेंसर जब्ती और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
