Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Triple Murder: पत्नी, बेटी-बेटी की हत्या का आरोपी दो दिन पहले डॉक्टर के पास गया था, तनाव में था, रिटायरमेंट के बाद भविष्य की चिंता ने बना दिया अपने ही परिवार का कातिल

Jamshedpur. जमशेदपुर के एग्रिको इलाके में हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। टाटा स्टील से रिटायर्ड कर्मचारी रविंद्र प्रसाद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बेटे और गर्भवती बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में अब इस वारदात के पीछे मानसिक तनाव और भविष्य को लेकर गहरी चिंता की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना से दो दिन पहले डॉक्टर के पास भी गया था। परिवार के लोगों और पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक रविंद्र सिंह रिटायरमेंट के बाद लगातार तनाव में रहने लगे थे।

उन्हें परिवार के भविष्य, बेटे की शादी और घर बनाने की चिंता सता रही थी। बताया जा रहा है कि पिछले दो महीनों में उनका वजन करीब 10 किलो तक कम हो गया था। परिजनों ने बताया कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी। इसी वजह से उन्हें घटना से दो दिन पहले डॉक्टर के पास भी ले जाया गया था। हालांकि किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला इतनी बड़ी वारदात तक पहुंच जाएगा। सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने कहा कि आरोपी मानसिक रूप से परेशान था और उसे यह डर सता रहा था कि उसकी मौत के बाद परिवार की देखभाल कौन करेगा। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और हथौड़ा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी से पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट भी कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह सबसे पहले रविंद्र सिंह ने अपनी पत्नी सरिता सिंह पर हमला किया। उस समय वह रसोई में काम कर रही थीं और गैस पर चाय चढ़ी हुई थी। कुल्हाड़ी के पहले वार के बाद उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने लगातार कई वार कर दिए। इसके बाद आरोपी सामने वाले कमरे में गया, जहां उसका बेटा रविकेश सिंह सो रहा था। सिर पर कई बार हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हमला इतना खतरनाक था कि कुल्हाड़ी का बट तक टूट गया। पत्नी और बेटे की हत्या के बाद आरोपी ने अपनी बेटी सुप्रिया सिंह पर हथौड़े से हमला कर दिया। सुप्रिया शादीशुदा थी और करीब तीन महीने की गर्भवती बताई जा रही है। लगातार कई वार के कारण उसकी भी मौत हो गई। एक साथ तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

Exit mobile version