
Jamshedpur. बर्मामाइंस पार्किंग में अवैध वसूली किए जाने के खिलाफ जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर एसोसिएशन के बैनर तले भारी संख्या में ट्रक और ट्रेलर चालकों ने शुक्रवार को सड़क पर उतर कर विरो प्रदर्शन किया. ड्राइवरों ने पार्किंग गेट के बाहर जाम लगा दिया और नारेबाजी की जिसके कारण ट्रेलर, ट्रक समेत अन्य मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई. अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह ने बताया कि बर्मामाइंस पार्किंग में चालकों से मेडिकल चेकअप के नाम पर 250 रुपये जबरन वसूले जा रहे हैं. चालकों के अनुसार, यह शुल्क पूरी तरह अवैध है तथा सरकार की किसी भी गाइडलाइन में इसका उल्लेख नहीं है.
इसके अलावा, मेडिकल टेस्ट के दौरान ड्राइवरों के शरीर से आवश्यकता से अधिक खून लिए जाने की भी शिकायतें सामने आई हैं, जिससे ड्राइवरों में भारी आक्रोश है.जयकिशोर सिंह ने कहा कि बर्मामाइंस से प्रतिदिन लगभग सात से आठ हजार ड्राइवर टाटा कंपनी के माल ढुलाई कार्य में लगे हैं. इन सभी से कैश में वसूली की जा रही है, जबकि अधिकतर ड्राइवर इस अतिरिक्त बोझ को वहन करने में सक्षम नहीं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा सिस्टम बिना किसी सरकारी आदेश के संचालित किया जा रहा और प्रशासन की अनदेखी के कारण ड्राइवरों का शोषण बढ़ता जा रहा है.
