
Jamshedpur: पश्चिम बंगाल के बारानगर में आभूषण दुकान में 15 किलो सोने की डकैती और मालिक की पीट-पीटकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले में जमशेदपुर से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. बंगाल पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर से चंदन मंडल और प्रिंस कुमार को दबोचा. इनके पास से लूट के दो मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं. जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को बंगाल पुलिस को सौंप दिया गया है, जो उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर बारानागर ले जाएगी.
जानें क्या है मामला
कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बारानागर में शनिवार को 60 वर्षीय व्यवसायी शंकर जाना की आभूषण दुकान में घुसकर हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने लोहे की राड से पीट-पीटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और दुकान में रखे करीब 15 किलो सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे. जांच में पता चला है कि वारदात को तीन अपराधियों ने अंजाम दिया था.
