Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: कीनन स्टेडियम के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती बाइक से महिला से की पर्स की छिनतई

Jamshedpur. जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दिनदहाड़े पर्स छिनतई की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।  कीनन स्टेडियम के पास बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने चलती बाइक से एक महिला का पर्स झपट लिया। इस छीनाझपटी के दौरान महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर होते हुए साकची की तरफ तेजी से फरार हो गए।

घायल महिला की पहचान नीतू पांडेय के रूप में हुई है। पीड़िता के पति गौरी शंकर पांडेय ने बताया कि वे दोनों साकची स्थित ओल्ड बुक स्टोर से घर लौट रहे थे। इस दौरान जेआरडी कॉम्प्लेक्स मार्ग से बीएसएनएल ऑफिस की ओर जाने के क्रम में कीनन स्टेडियम के समीप पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक तेजी से पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने लाल रंग की टोपी पहन रखी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने इतनी तेजी से महिला का पर्स झटका कि वह अपनी बाइक से सीधे सड़क पर आ गिरीं। घटना के वक्त उनके पति गौरी शंकर पांडेय अपनी बाइक से थोड़ा आगे निकल गए थे। पत्नी के गिरने और चीखने की आवाज सुनकर जब तक वह कुछ समझ पाते और पीछे मुड़े, तब तक दोनों शातिर अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।

Exit mobile version