
Jamshedpur. जमशेदपुर के संकोसाई रोड नंबर-1 इलाके में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी दो बसों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों बसें धू-धू कर जलने लगीं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में दोनों बसें आग की चपेट में आ गईं और पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग लगने के दौरान इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय बसों में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दोनों बसें पूरी तरह जल चुकी थीं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
