
Jamshedpur.साकची के शीतला मंदिर के समीप गुरुवार सुबह दो दुकानदार आपस में उलझ पड़े. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक दुकानदार घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. घायल का नाम गोपाल बताया जा रहा है. घटना उस समय शुरू हुई, जब एक ग्राहक ने चाय की दुकान खोलने के समय के बारे में पूछा. इस सामान्य सवाल पर चायवाले और ग्राहक के बीच बहस छिड़ गई. इसी दौरान पास की दुकान के मालिक गोपाल कुमार वहां पहुंचे. चायवाले और गोपाल के बीच पहले कहासुनी हुई। फिर यह विवाद हाथापाई में बदल गई.
मामला यहीं नहीं रुका. दोनों दुकानदारों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया. इस हमले में गोपाल कुमार के सिर में गंभीर चोट आई. उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों दुकानदारों के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
