Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur : डेंगू से दो महिलाओं की मौत, जिले में मरीजों की संख्या हो गयी 21

जमशेदपुर. पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है. छोटा गोविंदपुर इलाके की दो महिलाओं की मौत से हालात और गंभीर हो गए हैं. दोनों मामलों में मरीजों की स्थिति अत्यधिक गंभीर थी और आईसीयू में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इन मौतों को डेंगू से हुई मौत के तौर पर अब तक पुष्टि नहीं की है. लेकिन दोनों ही मामलों में लक्षण और चिकित्सकीय जानकारी डेंगू की ओर इशारा कर रही है. छोटा गोविंदपुर तीन तल्ला निवासी सुभाष कुमार सिंह की 35 वर्षीय पत्नी वीणा सिंह की मौत गुरुवार को टेल्को अस्पताल में इलाज के दौरान हुई.

परिजनों के अनुसार, उन्हें 29 जुलाई को तेज बुखार, सांस लेने में दिक्कत, उल्टी-दस्त और हाथ-पैर में तेज दर्द की शिकायत थी. उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस दौरान डाक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए उन्हें आईसीयू में रखा और डेंगू की आशंका जताई. प्रारंभिक जांच में डेंगू पाजिटिव की रिपोर्ट सामने आई, लेकिन अब तक इस बात की औपचारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

सिविल सर्जन डा. साहिर पाल ने बताया कि वीणा सिंह का सैंपल गुरुवार को ही जांच के लिए आया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा. वहीं, डेंगू से संदिग्ध मौत का दूसरा मामला भी छोटा गोविंदपुर से ही जुड़ा है. यहां के रहने वाले शिवलाल लोहरा की पत्नी पुतुल लोहरा (40 वर्ष) को 28 जून को बुखार, उल्टी, कमजोरी और बेहोशी की हालत में टेल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

इधर, गुरुवार को जिले में डेंगू के दो नए मरीजों की पुष्टि हुई है. एक मरीज छोटा गोविंदपुर और दूसरा टेल्को क्षेत्र का रहने वाला है. जिले में अब तक डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 21 तक पहुंच गई है. इनमें से कई मामले मानगो, बारीडीह, गोविंदपुर और टेल्को क्षेत्र से सामने आए हैं. इस साल की यह पहली बार है, जब डेंगू से मौत के मामले सामने आए हैं. हालांकि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही इनकी पुष्टि की जा सकेगी. स्वास्थ्य विभाग ने जांच, सैंपल कलेक्शन और संदिग्ध इलाकों में फागिंग का काम तेज कर दिया है.

Exit mobile version