Jamshedpur. कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजनम नगर काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग उर्फ आदित्य नाग (20) और भाटिया बस्ती रोड नंबर-12, राज बिहारी पथ निवासी शुभम कुम्हार (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, दो गोलियां और एक सफेद रंग का आईफोन बरामद किया है। दरअसल 27 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि रामजनम नगर काली मंदिर रोड निवासी समीर नाग अपने एक दोस्त के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है और उसके पास अवैध देशी कट्टा है।
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया छापेमारी दल जब रामजनम नगर स्थित समीर नाग के आवास पर पहुंचा, तो कमरे में दो युवक एक साथ बैठे मिले। पुलिस को देखते ही दोनों घबरा गए।
इसके बाद पुलिस ने समीर नाग उर्फ आदित्य नाग और शुभम कुम्हार को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान समीर नाग की पैंट की बाईं जेब से एक सफेद रंग का आईफोन बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, समीर की निशानदेही पर किचन में बर्तनों की ट्रे में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी कट्टा और एक गोली बरामद की गई। वहीं, शुभम कुम्हार के ट्राउजर की बाईं जेब से भी एक गोली मिली। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार समीर नाग उर्फ आदित्य नाग का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
