Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत अब पानी का शुल्क वसूलने घर-घर पहुंचेंगी जलसहियाएं, जमा नहीं करने पर कटेगा कनेक्शन

Jamshedpur. गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के तहत अब पानी का मासिक शुल्क वसूलने के लिए जलसहियाएं घर-घर पहुंचेंगी। शुल्क जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के पानी का कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय से ठप पड़ी शुल्क वसूली व्यवस्था को फिर से शुरू करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में जमशेदपुर प्रखंड सभागार में प्रमुख पानी सोरेन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के अंतर्गत आने वाली 21 पंचायतों की जलसहियाओं को बुलाया गया था। इस दौरान शुल्क वसूली को सुचारू बनाने के लिए जलसहियाओं को पॉस मशीनें भी उपलब्ध कराई गईं।

बैठक में निर्देश दिया गया कि अब उपभोक्ताओं को पंचायत भवन में बुलाकर शुल्क जमा कराने के बजाय जलसहियाएं सीधे उनके घर पहुंचें और मासिक शुल्क की वसूली करें। इसके साथ ही कनेक्शनधारियों से पानी के कनेक्शन शुल्क, पुरानी एमवीडब्ल्यूएससी तथा पंचायत स्तर पर गठित वीडब्ल्यूएससी समितियों के खातों में जमा राशि का पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा गया।

शुल्क नहीं देने पर कटेगा पानी का कनेक्शन
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जलसहियाओं द्वारा मासिक शुल्क की मांग किए जाने पर यदि कोई उपभोक्ता विवाद करता है और राशि जमा नहीं करता है, तो उसके पानी का कनेक्शन तत्काल काटने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य नियमित शुल्क वसूली सुनिश्चित करने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था को व्यवस्थित करना है।

कमेटियों के विवाद के कारण ठप थी वसूली
गोविंदपुर जलापूर्ति योजना की 21 पंचायतों में नई और पुरानी एमवीडब्ल्यूएससी कमेटियों के बीच आपसी विवाद के कारण लंबे समय से पानी का शुल्क जमा नहीं हो पा रहा था। इस विवाद का मामला जिला प्रशासन तक भी पहुंच चुका था। बैठक में बीडीओ सुमित प्रकाश, अंचल अधिकारी मनोज कुमार, उपप्रमुख शिव कुमार हांसदा, पीएचईडी के अधिकारी, विभिन्न पंचायतों के मुखिया और बड़ी संख्या में जलसहियाएं उपस्थित थीं।

Exit mobile version