
Jamshedpur. जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने रविवार को बिस्टुपुर स्थित सांसद कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, माय भारत (माई भारत) के माध्यम से विकसित भिारत पदयात्राएं आयोजित कर रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और देश की एकता को और मजबूत बनाना है. यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण” के विजन से प्रेरित है. प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, जिला उपाध्यक्ष सह अभियान के जिला संयोजक संजीव सिन्हा, सह संयोजक अमरजीत सिंह राजा एवं कृष्णकांत राय मौजूद रहे.
उन्होंने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को लेकर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक कार्यक्रम का आयोजन होगा. इस अवसर पर हर जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र में पदयात्रा का आयोजन किया जायेगा. सांसद विद्युत वरण महतो में कहा कि यूनिटी मार्च के तहत आयोजित पदयात्रा में सभी समाज के लोगों को शामिल किया जायेगा. सभी यात्राओं का नेतृत्व भाजपा सांसद करेंगे, जिन जिलों में भाजपा के सांसद नहीं होंगे, वहां राज्यसभा के सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी जायेगी.
