
Jamshedpur. जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में सोमवार को दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ युवकों ने घायल युवक को घेर लिया और उस पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण गोली नहीं चल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
लोहे के रॉड से लगातार हमला करता रहा युवक
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक लोहे के रॉड से लगातार हमला करता नजर आ रहा है। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
