
Jamshedpur. जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र के खानकाह के पास मध्य विद्यालय में एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. स्कूल में शुक्रवार की सुबह 24 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान सौरभ शर्मा उर्फ पवन के रूप में हुई है. शुक्रवार की सुबह जब स्कूल खोला गया, तो क्लास रूम में खून से लथपथ शव देखा गया. इसके बाद स्कूल के अध्यापकों ने तत्काल उलीडीह ओपी पुलिस को शव मिलने की सूचना दी.
शव होने की सूचना मिलने के बाद उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक की बहन नीतू बोपाई ने बताया कि सौरभ उनके परिवार का इकलौता बेटा था. सौरभ रात को घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. सुबह स्कूल के बाहर भीड़ देखकर उन्हें घटना की जानकारी हुई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.इस मामले में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने जानकारी दी कि हत्या के मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. वही घटना में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है.
