
Jamshedpur. बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ बदसलूकी और छेड़खानी की शर्मनाक घटना सामने आई है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शराब के नशे में धुत कुछ युवक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, देर रात एक महिला इलाके की एक किराना दुकान के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान दुकान के बाहर बैठे कुछ युवकों ने उस पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला को जबरन सिगरेट पिलाने की कोशिश की और उसकी साड़ी खींचकर उसे अपमानित करने का प्रयास किया। इस दौरान दुकान के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा। घटना के दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी हुई, जिससे वहां रखा सामान बिखर गया।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कुछ युवक अक्सर शराब के नशे में दुकान के बाहर बैठकर महिलाओं से छेड़खानी करते हैं, जिससे आसपास के लोग परेशान रहते हैं। इधर, मामले को लेकर पीड़िता ने बागबेड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
