Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: सुनसान जगह से 600 मतदाता पहचान पत्र, 75 एटीएम कार्ड, 25 पैन कार्ड बरामद, डीसी ने दिये जांच के आदेश

Bokaro . झारखंड के बोकारो जिले में मंगलवार को एक सुनसान स्थान से करीब 600 मतदाता पहचान पत्र, 75 एटीएम कार्ड और 25 पैन कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। बरामदगी के बाद बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन दस्तावेजों को किसी गलत उद्देश्य से तो एकत्र नहीं किया गया था।

यह बरामदगी सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में दूरदर्शन टावर के पास स्थित एक सुनसान स्थान से की गई। अजय नाथ झा ने संवाददाताओं से कहा, “एक ही स्थान से इतनी बड़ी संख्या में मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड मिलना चिंता का विषय है। पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। यदि किसी गिरोह की संलिप्तता या धोखाधड़ी का मामला सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमार ने बताया कि सभी कार्ड जब्त कर लिए गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, हमने करीब 600 मतदाता पहचान पत्र, 75 एटीएम कार्ड और 25 पैन कार्ड के अलावा एक चेक बुक भी बरामद की है। इनमें से अधिकांश दस्तावेज माराफारी, जोशी और झोपड़ी इलाकों के लोगों के हैं। कुछ कार्डधारकों की पहचान कर ली गई है। दस्तावेजों का सत्यापन किया गया है और सभी असली प्रतीत हो रहे हैं।”

Exit mobile version