
Ranchi.झारखंड सरकार अब राजधानी दिल्ली में राज्य के उन विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने जा रही है, जो यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं. इस संबंध में घोषणा राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने रविवार को रांची स्थित संत जेवियर्स कॉलेज में की. वे यहां ट्राइबल सोसाइटी द्वारा आयोजित सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे.कार्यक्रम के दौरान मंत्री लिंडा ने कहा कि यह निर्णय मीणा समुदाय की पहल से प्रेरित होकर लिया गया है. उन्होंने बताया कि मीणा समुदाय के अधिकारियों ने दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में अपने समाज के छात्रों के लिए भवन का निर्माण कराया है. उसी प्रकार झारखंड सरकार भी अब अपने राज्य के छात्रों के लिए छात्रावास उपलब्ध कराएगी.
मंत्री ने कहा कि झारखंड के आदिवासी समाज और अन्य समुदायों के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) जैसी शीर्ष सेवाओं में स्थान प्राप्त करना चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य के विकास की दिशा तय करने में मंत्रियों के साथ-साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका भी अत्यंत अहम होती है.
