Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: बोकारो में जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला, हथिनी को काबू में करने के लिए बुलायी गयी वनतारा बचाव टीम

Bokaro. बोकारो जिले के एक गांव में भटककर आई एक जंगली हथिनी ने दो दिन में पांच लोगों को मार डाला है। अधिकारियों ने बताया कि हथिनी ने शुक्रवार रात दो लोगों को कुचलकर मार डाला और चार अन्य को घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह भी उसने तीन लोगों को कुचल दिया था। मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) संदीप शिंदे ने कहा, ‘‘यह हथिनी पांच हाथियों के झुंड का हिस्सा है। लेकिन, सिर्फ यही परेशानी खड़ी कर रही है।

उन्होंने बताया कि ये घटनाएं महुआटांड थाना क्षेत्र में हुईं तथा शुक्रवार को मारे गए लोगों की पहचान सोमर साव (50) और उनके पोते आयुष कुमार (9) के रूप में हुई है। अधिकारी ने कहा कि घायल लोगों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिंदे ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों में बोकारो में हथिनी ने आठ लोगों को मार डाला है तथा रामगढ़ जिले में भी कुछ और लोगों को मारा है। उन्होंने कहा, हमने हथिनी को काबू में करने के लिए वनतारा बचाव टीम से संपर्क किया है।’’ आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2019-20 से झारखंड में हाथियों के हमले में कुल 474 लोगों की मौत हुई।

Exit mobile version