
Dumka. दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड के हंसडीहा थाना क्षेत्र के बरदेही गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गयी है. दरअसल, शनिवार की रात पति ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद घर से दूर पेड़ से लटक कर जान दे दी. सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घर के कमरे से पत्नी आरती कुमारी (24), बेटी रूही (4) और बेटे विराज (2) और पति वीरेंद्र माझी (30) का शव खेत से कब्जे में लिया है.
पुलिस अभी यह मानकर जांच कर रही है कि वारदात को पति वीरेंद्र माझी ने ही अंजाम दिया है. मृतक के पिता मनोज मांझी ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि उन्होंने बेटे का शव खेत में पेड़ से लटका हुआ देखा और जीवित होने की शंका की वजह से नीचे उतार दिया. सभी मृतकों के गले में गहरा काला निशान मिला है. बताया जाता है कि वीरेंद्र माझी की शादी छह साल पहले देवघर जिले के पालोजोरी में हुई थी. उसका बेटा विराज काफी बीमार चल रहा है. कुछ दिन पहले पत्नी सभी बच्चों को मायके लेकर गई थी.
शनिवार की दोपहर को ही वीरेंद्र पत्नी व बच्चों को घर लेकर आया था. मृतक के पिता मनोज मांझी का कहना है कि कल देर शाम को किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी हुई थी. काफी देर तक बहस होने के बाद सभी लोग सो गए। सुबह उठने पर देखा कि कमरे में बहू और दोनों बच्चे मृत पड़े हैं. लोगों की माने तो बेटे की बीमारी को लेकर अक्सर पति-पत्नी में नोंकझोंक होती रहती थी, कयास लगाया जा रहा है कि आर्थिक तंगी और बेटे के इलाज को लेकर दंपती में विवाद हुआ होगा और पति ने पूरी घटना को अंजाम दे डाला हो.
