
Gumla. एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को चैनपुर प्रखंड कार्यालय में कार्यरत प्रधान लेखापाल राजकुमार साहनी को 20 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया. उसकी गिरफ्तारी गुमला शहर के करमटोली मोहल्ला स्थित उसके आवास से की गयी. आरोप है कि साहनी अपने ही कार्यालय में कार्यरत सेवानिवृत्त जनसेवक धनंजय प्रसाद से भविष्य निधि (पीएफ) का पैसा दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपये रिश्वत ले रहा था. इधर, राजकुमार साहनी की एसीबी टीम द्वारा गिरफ्तारी होने पर उसका बेटा गुमला थाना पहुंच और हंगामा करने लगा. उसने शिकायतकर्ता पर झूठा आरोप लगाते हुए उसके पिता को फंसाने व मारपीट करने की बात कही.
इसके बाद गुमला पुलिस व एसीबी की टीम ने उसे चेतावनी दी, तब वह वापस लौट गया. रिटायर्ड जनसेवक धनंजय प्रसाद से जब राजकुमार साहनी ने पीएफ का पैसा भुगतान करने के एवज में मोटी रकम की मांग की, तो बाद में 20 हजार रुपये में बात तय हुई. इसके बाद धनंजय प्रसाद ने इसकी शिकायत एसीबी से की. शिकायत सही पाये जाने पर एसीबी ने उसे पकड़ने की योजना बनायी और गुरुवार को राजकुमार साहनी को घूस लेते पकड़ लिया.
