Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: हादसा या खुदकुशी! छठी मंजिल से गिरने से JD High Street Mall के MD बिल्डर अनुराग सरावगी की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

Ranchi. राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में स्थित ब्लेयर अपार्टमेंट में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिरने के बाद बिल्डर जेडी हाइ स्ट्रीट के एमडी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जाने-माने बिल्डर अनुराग सरावगी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के समय अनुराग सरावगी अपार्टमेंट में अकेले थे। उनकी पत्नी और बेटा किसी काम से चेन्नई गए हुए थे। देर रात अचानक अपार्टमेंट परिसर में तेज आवाज सुनाई दी, जिससे वहां रहने वाले लोग बाहर निकल आए। जब लोगों ने नीचे देखा तो एक व्यक्ति गंभीर हालत में पड़ा हुआ मिला। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा, कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि घायल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची और जरूरी सबूत जुटाए।

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों और हालात की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Exit mobile version