Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: रांची के बाद बोकारो में ‘Bird Flu’ के मामले सामने आए, एहतियाती उपाय में जुटा प्रशासन

Bokaro.रांची में बर्ड फ्लू के कारण 5,500 पक्षियों के वध के लगभग एक माह बाद बोकारो जिले में इस संक्रमण के मामले सामने आए हैं. एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि इस संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि सात मार्च को हुई जब केंद्र ने झारखंड के मुख्य सचिव को एक पत्र जारी किया. बोकारो के सेक्टर-12 में एक सरकारी कुक्कुट केन्द्र में इस संक्रमण का पता लगा है जहां पहले ही लगभग 250 पक्षियों की मौत हो चुकी है. पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्रालय द्वारा राज्य को बर्ड फ्लू के प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए कहे जाने के बाद बोकारो प्रशासन ने शनिवार को 46 पक्षियों को मार दिया और 506 अंडों को नष्ट कर दिया.

इसके अलाव संक्रमित और निगरानी क्षेत्र घोषित करना, प्रभावित परिसरों में प्रवेश प्रतिबंधित करना, जैसे कदम भी उठाए गए हैं.
बोकारो पशुपालन अधिकारी डॉ. मनोज मणि ने बताया, ‘‘कुक्कुट केन्द्र के 46 पक्षियों को मार दिया गया और 506 अंडे तथा पक्षियों का 1,717 किलोग्राम आहार नष्ट कर दिया गया. पूरे केन्द्र को कीटाणुमुक्त किया गया है. उन्होंने कहा कि एक किलोमीटर के दायरे को प्रभावित क्षेत्र घोषित किया गया है और इस दायरे में सभी पक्षियों का वध किया जाएगा. इससे पहले फरवरी में रांची के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) के एक कुक्कुट केन्द्र में बर्ड फ्लू के मामले सामने आए थे जिसके बाद 5,488 पक्षियों का वध किया गया था.

Exit mobile version