
Ranchi.विधानसभा का शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सदस्य बेल में आकर छात्रवृत्ति की भुगतान की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे. प्रश्नकाल बाधित होने पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि अगर आप लोग को हंगामा करना ही है तो सर्वदलीय और कार्य मंत्रणा समिति की बैठक का कोई मतलब नहीं रह जाता है. इस तरह के आचरण से सदन नहीं चलेगा. संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि विपक्ष सदन की कार्यवाही बाधित करने के बजाय उसे अपनी बातों को रखना चाहिए.
भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृति नहीं मिलने और किसानों की धान खरीद का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि कई महीनों से छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है. वे फीस जमा करने के लिए होटल में प्लेट धोने का काम कर रहे हैं. इस पर सदन में चर्चा होनी चाहिए. बाबूलाल ने कहा कि किसान धान काटकर घर ले आए हैं और मजबूरन उन्हें बिचौलियों को 15-16 रुपए किलो धान बेचना पड़ रहा है. सबसे पहले इस पर चर्चा की जानी चाहिए.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि शून्यकाल में जिन मुद्दों पर चर्चा होती है, सरकार के पदाधिकारी उसके जवाब भी नहीं देते हैं. इस बीच भाजपा के सभी विधायक वेल में आ गए और हंगामा करने लगे. बीजेपी विधायक छात्रवृत्ति और धान खरीद पर चर्चा की मांग कर रहे हैं. हंगामा होता देख विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि शून्यकाल को बाधित करना उचित नहीं है. इसके बावजूद भाजपा विधायक वेल में हंगामा करते रहे.
