
Ranchi.झारखंड विधानसभा के चौथे दिन सदन में दो युवा विधायक आपस में भिड़ गये. दरअसल ये नेता कोई और नहीं बल्कि डुमरी विधायक जयराम महतो और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की थे. इन दोनों के बीच हुई तीखी नोंक झोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल जयराम ने नक्सलवाद के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया.
जयराम महतो ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा जारी नक्सलियों की सूची में आदिवासियों का ही नाम है. ऐसा क्यो ? जबकि यहां उनकी जमीन उनकी है, जंगल उनका है, यहां तक कि अलग झारखंड राज्य और स्वतंत्रता की लड़ाई में भी आदिवासियों का योगदान सबसे अधिक रहा. फिर भी उनका नाम इस लिस्ट में है. कुछ तो खामियां रहीं होंगी सिस्टम में.
इसका जवाब देते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आप राज्य को नक्सलवाद की ओर नहीं ढकेल सकते. उन्होंने डुमरी विधायक से सवाल पूछा कि ये आप क्या कह रहे हैं? हालांकि विधानसभा स्पीकर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को शांत रहने को कहा.
