
Ranchi. झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है. 28 अगस्त तक चलनेवाले सत्र में चार कार्य दिवस होंगे. सत्र के पहले दिन ही वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट सदन में रखा जायेगा. अनुपूरक बजट के माध्यम से सरकार करीब चार हजार करोड़ की मांग सदन से कर सकती है. उल्लेखनीय है कि मानसून सत्र के दौरान ही तीन अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन हो गया था. इस कारण इसे स्थगित कर दिया गया था. पूरक मानसून सत्र में स्व दिशोम गुरु शिबू सोरेन और शिक्षा मंत्री स्व रामदास सोरेन को सदन याद करेगा.
पिछले मानसून सत्र में विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति ने किसानों को राहत देने के लिए इसप र चर्चा कराने पर सहमति दी थी. पक्ष-विपक्ष की ओर से प्रस्ताव आया था कि इस विषय पर विशेष चर्चा हो. सत्र के दौरान सरकार विधेयक भी लेकर आ सकती है. निजी तकनीकी संस्थानों में शुल्क को नियंत्रित करने के लिए विधेयक लाने की तैयारी है.
