Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: बाबूलाल मरांडी ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर लगाये गंभीर आरोप, बालू के अवैध कारोबार पर भी घेरा, ED से हस्तक्षेप करने की मांग की

Ranchi. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला है. शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राज्य की कानून व्यवस्था और बालू के अवैध कारोबार को लेकर गंभीर आरोप लगाए. बाबूलाल मरांडी ने रांची में बीते दो दिनों में दो नृशंस हत्याओं का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा. मरांडी का कहना था कि जब राजधानी रांची में हत्याएं हो रही थीं, तब मुख्यमंत्री रमजान की इफ्तार पार्टी और ईद की बधाइयों में व्यस्त थे. उन्होंने सरकार से इन हत्याओं की जिम्मेदारी लेने की मांग की और कहा कि राज्य में अपराधी इतने बेकाबू हो गए हैं कि आम जनता की जान जोखिम में है.

मरांडी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से पोषित अपराधियों के चलते लोग असमय काल के गाल में समा रहे हैं. बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बालू की किल्लत और उसकी बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बालू के अवैध कारोबार में सरकार, खनन माफिया, ट्रांसपोर्टर, अधिकारियों और दलालों की मिलीभगत है.

मरांडी ने इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि झारखंड में चल रहे इस हजारों करोड़ रुपये के अवैध बालू कारोबार को ध्वस्त किया जाए, ताकि आम जनता को सस्ती कीमत पर पर्याप्त बालू उपलब्ध हो सके और सरकार को होने वाले राजस्व नुकसान को भी कम किया जा सके.

Exit mobile version