Site icon Lahar Chakra

Jharkhand BJP: भाजपा के राज्य प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने की बैठक, जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पर की चर्चा

Ranchi. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और राज्य में जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पर चर्चा की. पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी. लक्ष्मीकांत बाजपेयी और तरुण चुघ झारखंड के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे. नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य में एसआईआर को लेकर फैलाई जा रही गलतफहमियों को दूर करने का आग्रह किया. चुघ ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, “हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में एसआईआर पर व्यक्त किए गए विचारों को हर जगह प्रसारित करने की योजना बना रहे हैं.

उन्होंने रविवार को दिल्ली में ‘वोट चोरी’ के विरोध में कांग्रेस की रैली पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, “राहुल गांधी झूठ और अफवाहें फैलाने के आदी हैं. उन्होंने अपने दावों के संबंध में निर्वाचन आयोग में एक भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है. विदेशी साजिश के तहत वे भारतीय संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं. भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण आवश्यक है.

उन्होंने कहा, घुसपैठियों को बचाने और उन्हें मतदाता बनाने के प्रयास में वे (कांग्रेस) एसआईआर का विरोध कर रहे हैं. एक विदेशी नागरिक भारत में मतदाता कैसे हो सकता है? संविधान स्पष्ट करता है कि केवल भारतीय नागरिक ही भारत का मतदाता हो सकता है.

चुघ ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बारे में कहा कि राज्य के लोग ममता बनर्जी के शासन से मुक्ति चाहते हैं. उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी जिन्ना के नए अवतार के रूप में उभरी हैं. वोट बैंक की राजनीति के लिए, टीएमसी का एक (निलंबित) विधायक विदेशी आक्रमणकारी बाबर के नाम पर मस्जिद का निर्माण करवा रहा है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. पश्चिम बंगाल की जनता आगामी चुनावों में टीएमसी और ममता बनर्जी को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है. पार्टी के एक नेता ने बताया कि दिन भर में दो बैठकें हुईं, जिनमें से एक एसआईआर पर और दूसरी राज्य में पार्टी के संगठनात्मक चुनाव पर थी.

Exit mobile version