
Ranchi. झारखंड और भारत के अन्य हिस्सों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. यह प्रदर्शन पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच हो रहा है. पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे और मरने वालों में अधिकतर पर्यटक शामिल थे.
इस आतंकवादी घटना के बाद, भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक कदमों की घोषणा की थी, जिसमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, इस्लामाबाद के साथ राजनयिक संबंधों को सीमित करना और अल्पकालिक वीजा पर रह रहे सभी पाकिस्तानियों को 27 अप्रैल तक भारत छोड़ने या कार्रवाई का सामना करने का आदेश देना शामिल था.
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य की राजधानी रांची में मार्च निकाला। शहर के जिला स्कूल मैदान से निकाली गई रैली में स्थानीय विधायक सीपी सिंह, हटिया के विधायक नवीन जायसवाल और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी समेत पार्टी के कई नेता शामिल हुए.
उन्होंने रैली के दौरान ‘पाकिस्तानी भारत छोड़ो’ का नारा लगाया। रैली का समापन जिलाधिकारी कार्यालय पर होगा, जहां पार्टी के नेता रांची के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपेंगे. भाजपा के एक नेता ने बताया कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन जारी हैं.बाउरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार झारखंड में पाकिस्तानियों की पहचान करे और उन्हें राज्य से बाहर निकाले। उन्होंने कहा कि वे न सिर्फ राज्य के लिए, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं. रांची के विधायक ने कहा कि पाकिस्तानियों को भारत में रहने का कोई अधिकार नहीं है.
