Ranchi. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के प्रमुख आदित्य साहू ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पार्टी राज्य में एक नवंबर से एक सप्ताह का अभियान शुरू करेगी। साहू ने एक संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पलामू जिले में चार नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रही है। पार्टी की एक विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अराजक माहौल बनाकर राजनीतिक फायदा उठाना चाहते हैं, लेकिन उनके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे।
साहू ने बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक के सभी पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नेताओं से आग्रह किया कि वे नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के जन-कल्याणकारी कार्यों, विकास और उपलब्धियों को हर घर और हर गांव तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
साहू ने उन्हें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सरकार की पोल खोलने का भी निर्देश दिया। उनका आरोप है कि यह सरकार पिछले सात वर्षों से ग्रामीणों, गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, दलितों, आदिवासियों और मजदूरों का शोषण कर रही है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का दृष्टिकोण विकसित भारत का निर्माण करना है।
