Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: 12.5 लाख रुपये से अधिक मूल्य के ब्राउन शुगर और चूरा पोस्त जब्त, पांच लोग गिरफ्तार

Ranchi. झारखंड के रांची और चतरा जिलों में अलग-अलग घटनाओं में ‘ब्राउन शुगर’ और चुरा पोस्त जब्त किया गया है तथा इस सिलसिले में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने सोमवार को 12.5 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 83.79 किलोग्राम चूरा पोस्त जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चर्का खुर्द गांव में छापा मारा और सुनील कुमार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि जब्त की गई खेप पड़ोसी राज्य बिहार भेजी जानी थी।

रांची में पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद की। हटिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नीरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने रविवार को सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के विद्यानगर में 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की और इस मामले में एक महिला, उसके 23 वर्षीय बेटे तथा एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी महिला का बेटा पहले भी शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामले में जेल जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में तीन मोबाइल फोन और 7,320 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
एसडीपीओ के अनुसार, एक अन्य कार्रवाई में अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू मैदान के पास से 34 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 3.54 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि इन मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Exit mobile version