
Ranchi. हेमंत सोरेन की सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के रांची स्थित मोरहाबादी आवास को उनकी पत्नी रूपी सोरेन को आवंटित करने का मंगलवार को फैसला किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कहा कि मंत्रिमंडल ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन के बाद उनकी पत्नी रूपी सोरेन को आवास आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) संस्थापक शिबू सोरेन का चार अगस्त को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में निधन हो गया था, वह 81 वर्ष के थे.
झारखंड के निर्माण में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. विधानसभा ने 28 अगस्त को शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की सिफारिश करते हुए केंद्र को एक प्रस्ताव भेजने का प्रस्ताव पारित किया. मंत्रिमंडल की बैठक में झारखंड राज्य विस्थापन एवं पुनर्वास आयोग की नियमावली को मंजूरी देने सहित 66 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. दादेल के अनुसार आयोग में एक अध्यक्ष और दो सदस्य होंगे. अध्यक्ष का कार्यकाल 10 वर्ष और सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा.
