Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Census: झारखंड में स्व-गणना शुरू, राज्यपाल ने लोगों से भाग लेने का आग्रह किया

Ranchi. झारखंड में शुक्रवार को जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत स्व-गणना शुरू हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके तहत लोग अपने परिवार का विवरण डिजिटल रूप से दे सकेंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोगों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और सटीक जानकारी देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा,मैं राज्य के लोगों से एक मई से शुरू हुई जनगणना की स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करता हूं और राज्य में जनगणना 2027 की सफलता की कामना करता हूं। गंगवार ने कहा कि विकास नीतियों को तैयार करने में आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा, “जनगणना से वास्तविक जनसंख्या, घरों, परिवार के सदस्यों की संख्या और प्रकार, साथ ही उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी मिलती है। यह डेटा सरकार को लोगों के विकास और कल्याण के लिए नीति बनाने में मदद करता है।”

राज्य जनगणना कार्य निदेशालय के निदेशक प्रभात कुमार ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया 15 मई तक जारी रहेगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “स्व-गणना एक सरल और सुविधाजनक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से व्यक्ति व परिवार आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दे सकते हैं।”

कुमार ने सभी से इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपने घर, आवास की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं के बारे में जानकारी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनगणना का दूसरा चरण अगले साल नौ फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा।

Exit mobile version