
Ranchi. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को मेधा डेयरी प्लांट होटवार में मिल्क पाउडर प्लांट की आधारशिला रखी. यहां हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि किसानों का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि यह प्लांट केवल दूघ प्रोसेसिंग का नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यव्स्था को सशक्त करने का एक माध्यम है. गांव खेत- खलिहान से जुड़े लोगों का देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है और इस योगदान को अब राज्य सरकार पहचान दे रही है.
आगे सीएम ने कहा कि जय जवान, जय किसान केवल नारा नहीं बल्कि एक जीवनशैली है. खेती बाड़ी और पशुपालन ऐसे क्षेत्र है जिनमें किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होता, न पर्यावरण को और न ही मानव जीव को ये व्यवस्था अगर मजबूत हो जाए तो समाज, राज्य और देश सब मजबूत होंगे. किसान भाइयों की आय कैसे बढ़े, वे कैसे समृद्ध, सशक्त और स्वावलंबी हों इस सोच के साथ हमारी सरकार काम कर रही है.किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास निरंतर जारी है. इस सिलसिले में कई योजनाएं चल रही है और आने वाले दिनों में कई और योजनाएं धरातल पर उतारी जाएगी. आप इन योजनाओं से जुड़ें और अपने साथ राज्य को मजबूत बनाने में सहयोग दें. मुख्यमंत्री ने इस दौरान मेधा रागी लड्डू, मेधा सूधन खाद और जानवरों का चारा बनाने वाली मशीन साइलेज को लांच किया.
धोनी खेती कर सकते हैं तो हम क्यों नहीं…
मुख्यमंत्री ने बाजार में बिक रहे नकली खोआ और पनीर पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर हम खुद गुणवत्तापूर्ण दूध और दुग्ध उत्पाद बना सकें तो नकली सामान खाने की नौबत ही नहीं आएगी. उन्होंने प्रेरणास्पद उदाहरण देते हुए कहा,महेंद्र सिंह धोनी जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी खेती करते हैं, सब्जियां विदेश भेजते हैं. जब क्रिकेट खेलने वाला खेती कर सकता है तो हम क्यों नहीं?
ये रहे मौजूद
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, सचिव अबू बकर सिद्दीक, निदेशक पशुपालन किरण पासी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ मीनेश शाह और झारखंड मिल्क फेडरेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर जयदेव विश्वास
