
Ranchi. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में मुलाकात कर राज्य में पेसा कानून (पेसा एक्ट) को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए शीघ्र नियमावली गठित करने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को हजारीबाग घटना की जानकारी दी.राज्यपाल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें महाशिवरात्रि के दिन हजारीबाग में हुई घटना की जानकारी दी. मालूम हो कि शिवरात्रि के दौरान हजारीबाग जिले के इचाक थाना अंतर्गत डुमरौन गंव में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई.
पत्थरबाजी से कई लोग घायल हो गये, जबकि कई बाइक को आग के हवाले कर दिया गया. बताया जाता है कि गांव के एक चौक पर लोहे के पोल में भगवा ध्वज लगा हुआ था. शिवरात्रि के दिन एक समुदाय के लोग लाउडस्पीकर लगाने पहुंचे, जिसका दूसरे समुदाय को लोगों ने विरोध किया. इचाक थाना प्रभारी दोनों समुदाय के बीच वार्ता कर रहे थे, तभी पत्थरबाजी शुरू हो गयी. इसके बाद भीड़ हिंसक हो गयी.
