
Dumka. झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने एक सनसनीखेज बयान दिया है. दुमका परिसदन में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हमें यह फीडबैक मिला है कि काफी संख्या में ऐसे कांग्रेसी हैं, जो भाजपा के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. खास बात इसमें यह भी है कि इसमें कांग्रेस के कार्यकर्ता स्तर के लोग भी शामिल हैं. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि वर्तमान में मैं पूरे झारखंड का दौरा कर रहा हूं.
इस दौरान कांग्रेसियों के भाजपा में घुसपैठ की शिकायत हर जगह मिल रही है. उन्होंने कहा कि इस शिकायत को काफी गंभीरता से लिया जा रहा है और इसको एग्जामिन किया जायेगा. के राजू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस मुक्त भारत की बात कहती है तो वह कांग्रेस को कमजोर करने के लिए हर हथकंडा अपनायेगी, हमें सतर्क रहना है. इस मौके पर झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी मौजूद रहीं.
हजारीबाग में एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी घटना चिंता का विषय है. किसी भी घटना के बाद उसके उद्भेदन के प्रति हमारी सरकार और अधिकारी काफी गंभीर हैं, जो भी इस तरह की घटना घटी है, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलायी जायेगी. इस मौके पर उनके साथ झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, विधायक प्रदीप यादव भी मौजूद रहे.
