Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Congress: संविधान के अनुसार देश की शासन व्यवस्था नहीं चल रही, निरंकुश शासन प्रणाली अपनायी जा रही

Ranchi. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि देश के छात्रों, युवाओं के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है. संविधान के अनुसार देश की शासन व्यवस्था नहीं चल रही है, बल्कि संविधान के प्रावधानों को कुचल कर तानाशाही रवैये के साथ निरंकुश शासन प्रणाली अपनायी जा रही है. श्री कमलेश रविवार को कांग्रेस भवन में संविधान बचाओ रैली की सफलता को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे. श्री कमलेश ने कहा कि छात्रों का भविष्य, युवाओं के सपने, महिलाओं का सम्मान, नागरिकों का आत्म सम्मान कुचला जा रहा है. अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरे लोगों की आवाज कोई नहीं सुन रहा.

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब न्यायपालिका को परोक्ष रूप से धमकाने की कोशिश की जा रही है. संविधान की मूल प्रस्तावना को तार-तार करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके विरोध में कांग्रेस खड़ी है. कांग्रेस उनके मंसूबों को जन सहयोग से पूरा नहीं होने देगी. कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि अग्रिम मोर्चा संगठनों को संविधान के संदर्भ में महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, युवाओ, महिलाओं और किसानों के बीच विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. प्रदेश में संविधान बचाओ अभियान अगले 40 दिनों तक चलाया जायेगा. इस दौरान लोगों को संवैधानिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी जायेगी.

Exit mobile version