Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Crime : जगन्नाथ मंदिर में चोरी करने घुसे बदमाश ने पहले सुरक्षा गार्ड की हत्या की, फिर दानपात्र का ताला तोड़ा और निकाल ली नकदी

Ranchi झारखंड की राजधानी रांची के एक मंदिर में एक अज्ञात बदमाश ने चोरी के प्रयास के दौरान सुरक्षा गार्ड की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार देर रात जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के धुर्वा स्मार्ट सिटी इलाके में स्थित जगन्नाथ मंदिर में हुई।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने कहा, “एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर परिसर के भीतर सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी। मौके से फरार होने से पहले उसने वहां रखे दानपात्र का ताला तोड़ा और कुछ नकदी निकालकर ले गया।”

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि मंदिर का एक द्वार अंदर से खुला हुआ था, जिससे आरोपी ने परिसर में प्रवेश किया और वहां सो रहे सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया।

जगन्नाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड मौके से बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा गार्ड के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version