
Ranchi. रांची के कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट के संचालक विजय की गोली मारकर हत्या करने का मामला रविवार को प्रकाश में आया है. शनिवार की देर रात कुछ अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. स्थानीय लोगों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर जब वे लोग रेस्टोरेंट की तरफ दौड़े तो कुछ युवक बाहर निकल रहे थे, जबकि विजय जमीन पर गिरे हुए थे. आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
रेस्टोरेंट के कुछ कर्मचारियों ने बताया कि उनके मालिक विजय और दो तीन युवकों की किसी बात को लेकर पहले बहस हुई, इसी बीच एक युवक ने गोली चला दी. कुछ लोगों ने रेस्टोरेंट से बिरयानी ऑर्डर की थी। वेज और नॉन वेज बिरयानी को लेकर कुछ विवाद हुआ, जिसके बाद बिरयानी ऑर्डर करने वाले युवकों में से एक ने विजय पर गोली चला दी. गोली सीधे विजय के सीने में लग गई. इससे उनकी मौत हो गई.
इस संबंध में ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने रविवार को बताया कि रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना की जांच शुरू कर दी गई है. कई बिंदुओं पर मामले की जांच की जा रही है. घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, घटना के विरोध में परिजन और स्थानीय लोगों ने कांके रोड को रविवार को जाम कर दिया है.
