
Ranchi झारखंड की राजधानी रांची से बुधवार को एक महिला सहित पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से तीन पाकिस्तान निर्मित पिस्तौल भी जब्त की गईं. पुलिस ने यह जानकारी दी.पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुटू ओवरब्रिज के पास से पुरुष अपराधियों को तथा अरगोड़ा थाना क्षेत्र से महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोयलांचल शांति सेना (केएसएस) के गिरोह के सदस्यों के रूप में की गई है और वे प्रिंस खान गिरोह से भी जुड़े हुए थे. पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान केएसएस सरगना सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अन्य लोगों की पहचान इनामुल हक, उसके अंगरक्षक रवि आनंद उर्फ सिंघा, उसके रिश्तेदार मोहम्मद शहीद उर्फ आफरीदी खान और मोहम्मद सेराज के रूप में की गई है और सभी का आपराधिक इतिहास रहा है.
पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से तीन पाकिस्तान निर्मित पिस्तौल, सात मैगजीन, 13 कारतूस, एक चार-पहिया वाहन, छह मोबाइल फोन और 10 लाख रुपये नकद जब्त किए. पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब के रास्ते हथियार और गोला-बारूद ला रहे थे.
वे इन हथियारों का इस्तेमाल रांची समेत देश भर के व्यापारियों में दहशत फैलाने और उनसे जबरन वसूली करने के लिए कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि रांची में इनामुल हक उर्फ बबलू खान अपने गुर्गों के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान के लिए जबरन वसूली करता था.
