
Devaghar. देवघर जिले में कर्ज की किश्त चुकाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई को ट्रक से कुचल दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना देवीपुर थाना क्षेत्र में दोपहर को उस समय हुई, जब आरोपी संजीत जायसवाल (42) ने अपने छोटे भाई बिट्टू (35) को ट्रक से कथित तौर पर कुचल दिया. पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त बिट्टू चौधरीडीह मेन रोड पर सड़क किनारे एक ढाबे के पास अपनी बाइक धो रहा था. पुलिस ने बताया कि संजीत अपना ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया. देवीपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्ण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि बिट्टू के नाम से खरीदे गए एक ट्रक की किश्त चुकाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद था. घटना के समय संजीत कथित तौर पर शराब के नशे में था और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया.
पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि संजीत सात भाइयों में दूसरे नंबर का था, जबकि मृतक बिट्टू पांचवें नंबर का था. संजीत के कहने पर बिट्टू ने एक मिनी ट्रक खरीदने में उसकी मदद की, ताकि वह अपनी आजीविका चला सके. हालांकि वाहन की किश्त चुकाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. कृष्णा ने बताया कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद संजीत ने बकाया राशि देने से इनकार कर दिया.
रविवार सुबह, जब बिट्टू अपने ढाबे के बाहर अपनी बाइक साफ कर रहा था तब संजीत ने अचानक ट्रक से अपने भाई को कुचल दिया. अधिकारी ने बताया कि संजीत सुबह से ही कथित तौर पर शराब पी रहा था. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हमने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे पकड़ लेंगे.
