Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Crime: गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग से पुलिस की मुठभेड़, एक गुर्गे को लगी गोली, पुलिस टीम पर फायरिंग और बम से हमला, सब इंस्पेक्टर जख्मी

Dhanbad. सरायढेला थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक शूटर सुदीश ओझा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार सरायढेला थाना क्षेत्र में जैप-3 के फायरिंग रेंज के पास प्रिंस खान गिरोह के अपराधियों द्वारा रंगदारी वसूली के लिए पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

घेराबंदी के दौरान खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोलीबारी में सब-इंस्पेक्टर बालमुकुंद के हाथ में गोली लग गई। बताया जाता है कि अपराधियों के पास दो बम भी थे, जिनमें से एक बम पुलिस की ओर फेंका गया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें गिरोह का शूटर सुदीश ओझा गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल पुलिसकर्मी को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से पुलिस ने एक जिंदा बम बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इधर विशेष सूत्रों के अनुसार ईलाजरत अपराधी की मौत होने की खबर हैं।

Exit mobile version