
Devghar. झारखंड के देवघर जिले में पिछले छह दिन से लापता एक महिला का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। घटना 16 मई को रिखिया थाना क्षेत्र में हुई थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 29 वर्षीय एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। देवघर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने कहा, “हमने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी की महिला साथी भी शामिल है। इन लोगों ने 21 वर्षीय पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पीड़िता के माता-पिता ने 17 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जबकि 19 मई को उसका शव राधिया नदी के पास रेत के नीचे दबा हुआ मिला।”
अधिकारी ने कहा कि फॉरेंसिक, तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान 27 वर्षीय मुख्य आरोपी और उसकी प्रेमिका ने बताया कि पीड़िता उनके संबंध के बारे में जानती थी और उसने यह बात कई लोगों के सामने बताई थी।
कुमार ने कहा कि इसके बाद उन्होंने 19 वर्षीय एक साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, साजिश के तहत आरोपी की प्रेमिका पीड़िता को नदी के पास एक सुनसान जगह पर ले गई, जहां दोनों आरोपी पहुंचे और उससे दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी।
