Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Defense Exhibition: झारखंड में पहली रक्षा प्रदर्शनी ‘ईस्टटेक 2025’ का आयोजन 19-21 सितंबर तक

Ranchi. रक्षा प्रदर्शनी ‘ईस्टटेक 2025’ का आयोजन रांची में 19 से 21 सितंबर तक होगा. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी.अधिकारियों ने बताया कि यह झारखंड द्वारा आयोजित पहला रक्षा एक्सपो होगा. उन्होंने बताया कि यह रांची के खेलगांव स्थित खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा. यह आयोजन पहले 17 से 19 सितंबर के बीच होना था. इसके टलने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. सेना के एक अधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम में स्टार्टअप द्वारा विकसित नवीनतम रक्षा प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया जाएगा. झारखंड में रक्षा विनिर्माण की अपार संभावनाएं हैं और झारखंड को रक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए ईस्टटेक-2025 का आयोजन रांची में किया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार 19 सितंबर को एक्सपो का उद्घाटन करेंगे. उन्होंने बताया कि प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान और सेना की पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आर सी तिवारी उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा,यह आयोजन ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप किया जा रहा है. इसमें प्रमुख रक्षा निर्माता, शैक्षणिक संस्थान, स्टार्ट-अप और झारखंड के एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम) और स्थानीय उद्यमी भाग लेंगे. रक्षा विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि यह आयोजन झारखंड को रक्षा निर्माण और सेना-उद्योग सहयोग के एक उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करेगा.

Exit mobile version