
बोकारो. 18 अगस्त की रात नावाडीह में बिरनीडाही गांव के धनरेश्वर साहू के यहां धनबाद के डकैत गिरोह के डकैती डाली थी. पुलिस ने पूरे मामले में शामिल छह आरोपितों को दबोचा है. इनके पास से लूटे गए गहनों के अलावा घटना में प्रयोग किए गए असलहे भी बरामद हुए हैं. यह जानकारी एसपी हरविंदर सिंह ने दी.कप्तान ने बताया कि गिरोह का सरगना भूलीडीह ब्लॉक सेक्टर दस बी बैंक मोड़ धनबाद निवासी 30 वर्षीय विक्रम कुमार है.
पुलिस ने सरगना विक्रम के अलावा इस घटना में शामिल केंदुआडीह गोविंदपुर धनबाद निवासी धर्मेंद्र कुमार, धारधोरी बस्ती इस्ट बासुरिया निवासी रवि कुमार महतो, कांड्रा महुदा धनबाद निवासी हासिम शेख, कुम्हार टोला भूली धनबाद निवासी किशन पंडित और बोदरो नावाडीह बोकारो निवासी मुकेश सोनार को गिरफ्तार किया है.
दबोचे गए आरोपितों में मुकेश लूट के गहनों को डकैती के आरोपितों से खरीदा था. इस घटना में शामिल अन्य आरोपितों को दबोचने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
एसपी ने बताया कि घटना के बाद कांड के खुलासे के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई. पुलिस टीम में बेरमो अंचल के निरीक्षक नवल किशोर सिंह, नावाडीह थानेदार अमित कुमार सोनी, दुगदा थानेदार मनीष कुमारख, चंद्रपुरा थानेदार अजय कुमार सिंह, ईस्ट बांसुरिया धनबाद के थानेदार रुपेश दुबे, तकनीकी शाखा के कामेश्वर महतो समेत अन्य थे.
टीम को यह सूचना मिली कि धनबाद के महुदा व भुली के डकैती गिरोह पूरे मामले में शामिल हैं. पुलिस की टीम सूचना के बाद छापेमारी के लिए धनबाद के ईस्ट बांसुरिया ओपी के मेन रोड स्थित एक होटल के पास स्कॉर्पियो को देखा.
पुलिस को देखकर वाहन चालक वाहन लेकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर इसे रोका और इसमें बैठे आरोपितों में रवि , विक्रम, हाशीम व धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ हुई तो इन लोगों ने बताया कि भूली में रहने वाले विक्रम के यहां वह लोग हथियार छिपा कर रखे हैं.
पुलिस ने विक्रम के यहां से कट्टा, पिस्टल, व कारबाइन टाइप कट्टा को बरामद किया. कुल छह गोलियां भी बरामद किया. गिरोह के सदस्यों ने बताया कि लूट के गहनों को वह लोग नावाडीह के मुकेश सोनार के यहां बेचा है. पुलिस ने मुकेश के ठिकाने से उसे गिरफ्तार कर दस ग्राम सोना और 470 ग्राम चांदी बरामद किया. पुलिस ने उस स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया जिससे धनबाद में डकैत घूम रहे थे.
आरोपितों ने बताया कि बीते वर्ष अक्टूबर माह में नावाडीह के चिरुडीह निवासी पुरुषोतम साव के यहां भी वह लोग डकैती डाले थे. इसके अलावा इस वर्ष जुलाई माह में धनबाद के इस्ट बांसुरिया में भी डकैती डाले हैं. पहले भी आरोपित जेल जाने की बात स्वीकारे.
