Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: शिकार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बंदूक की सफाई के दौरान अचानक चली गोली, एक बुजुर्ग की मौत

Medninagar. झारखंड के पलामू जिले में शिकार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बंदूक की सफाई के दौरान उससे अचानक गोली चल जाने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात नवाडीह हटार गांव में हुई। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि 75 वर्षीय श्याम लाल भुइयां अपने घर में देशी बंदूक की सफाई कर रहे थे।

इसी दौरान बंदूक से अचानक गोली चल गई जो उनके सीने में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।उन्होंने मृतक के बेटे के हवाले से बताया कि यह बंदूक लंबे समय से परिवार के पास थी और बिरले ही शिकार के लिए इस्तेमाल की गई थी। हालांकि, उसे यह जानकारी नहीं है कि उसके पिता ने यह बंदूक कहां से हासिल की थी।

रामगढ़ थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि मृतक पेशे से बढ़ई थे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।

Exit mobile version